Publish Date: | Sat, 02 Oct 2021 02:17 PM (IST)
Gwalior Crime News: ग्वालियर, नईदुनिया प्रतिनिधि। उपगनगर ग्वालियर में लाटरी का झांसा देकर वृद्धों को ठगने वाली गैंग सक्रिय है। दो दिन पूर्व तानसेन नगर में स्टेट बैंक चौराहे के पास फल खरीदने के लिए आए वृद्ध एमएल सागरिया से लाटरी का झांसा देकर साइकिल पर सवार दो ठग उनकी उंगली से सोेने की अंगूठी उतरवाकर गायब हो गए हैं। फरियादी आबकारी विभाग से रिटायर्ड हैं। उनका कहना है कि उन्हें नहीं पता कि वह कैसे इन ठगों के झांसे में आ गए और आसानी से अपने हाथ की अंगूठी उन्हें उतारने दी। एमएल सागरिया ने ठगी की शिकायत किलागेट थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने आवेदन लेकर जांच शुरू कर दी है।
न्यू साकेत नगर निवासी एमएल सागरिया आबकारी विभाग से रिटायर्ड हैं। बुधवार की दोपहर को वह फल खरीदने के लिए तानसेन रोड पर स्टेट बैंक के पास आए थे। सेव फल के ठेले के पास ही एक युवक मिला। इस युवक ने राम-राम कर वृद्ध को रोक लिया और बात करने लगा। इसी बीच एक और व्यक्ति आ गया। दोनों व्यक्ति लाटरी की बात करने लगे। पहले व्यक्ति ने बताया कि चंद सेकंड में पैसा डबल हो जाता है। वृद्ध ने बताया कि वह लाटरी नहीं खेलता है। यह लोग कहने लगे कभी-कभी खेलने में कुछ नहीं जाता है। दोनों लोग वृद्ध पर लाटरी खेलने के लिए दबाव डालने लगे। वृद्ध ने कहा कि तुम नहीं मानते तो 100 रुपये से किस्मत अजमा लेता हूं, तभी वह बोला 100 रुपये से क्या होगा। दूसरे व्यक्ति ने युवक को अपनी अंगूठी उतारकर थमा दी। इसी बीच पहला युवक बोला बाबूजी आप भी अंगूठी लगा दो। पर्ची निकलते ही दो अंगूठी ले जाना और दोनों ने मिलकर मेरी उंगली से अंगूठी निकालकर जेब में रख ली। उसके बाद थैले से पर्ची निकालकर वह बोला, दोनों की अंगूठी गईं।कुछ नहीं निकला। इसके बाद साइकिल पर बैठकर हजीरा की तरफ भाग गया। अंगूठी लगाने वाला दूसरा युवक भी गायब हो गया। वृद्ध को आशंका है कि दोनों युवक मिले हुए थे। वृद्ध ने बताया कि न जाने इन लोगों ने उसे क्या कर दिया कि वह चिल्लाकर लोगों से मदद भी नहीं मांग सका।
गंभीरता से नहीं ली घटनाः एमएल सागरिया ने ठगी की शिकायत किलागेट थाने में की है। पुलिस ने वृद्ध की शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया है। केवल आवेदन लेकर टरका दिया है। हालांकि पुलिस ठगी के मामले की वास्तविकता का पता लगाने के लिए जांच करने का दावा कर रही है।
Posted By: vikash.pandey

